Written by

जब भी बात बच्चों की आती है, तो हर मां अपने बच्चे को कुछ हेल्दी और पौष्टिक खिलाना चाहती है। वहीं, बच्चों को हेल्दी नहीं बल्कि टेस्टी खाना बहुत लुभाता है। ऐसे में आप पास्ता की टेस्टी डिशेज के जरिए बच्चों को लुभा भी सकती हैं और हेल्दी खिला भी सकती हैं। दरअसल, पास्ता में एनर्जी, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट के साथ-साथ कैल्शियम, आयरन और फोलिक एसिड जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं (1)। ये सभी पोषक तत्व बच्चों के विकास के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। वहीं, कई हेल्दी सब्जियां और अन्य सामग्री जोड़कर आप पास्ता को और भी अधिक सेहतमंद बना सकती हैं। यही वजह है कि मॉमजंक्शन के इस लेख में हम बच्चों के लिए कुछ आसान पास्ता रेसिपी बता रहे हैं।

पास्ता रेसिपी बताने से पहले हम यह जानकारी दे दें कि बच्चों को देने के लिए क्विनोआ पास्ता/गेहूं पास्ता (whole wheat pasta) अच्छे और पौष्टिक विकल्प हो सकते हैं। आइए, अब हम बिना देर किए बच्चों के लिए 15 आसान पास्ता रेसिपी के बारे में जानते हैं।

बच्चों के लिए 15 पास्ता रेसिपी | pasta recipes for kids in hindi

1. वेजी अल्फ्रेडो पास्ता

सामग्री :

  • एक कटोरी उबाला हुआ पेने पास्ता
  • आधा चम्मच पिसी मिर्च
  • दो चुटकी काली मिर्च
  • एक चम्मच नमक
  • दो चम्मच चीनी
  • आधा चम्मच अजवायन
  • आधी कटोरी दूध
  • एक चम्मच मक्खन
  • दो चम्मच मैदा
  • तीन क्यूब चीज़
  • आधी कटोरी उबाला हुआ स्वीट कॉर्न
  • आधी कटोरी उबली हुई मटर
  • आधी कटोरी उबली हुई बारीक कटी गाजर
  • आधी कटोरी बारीक कटी हुई शिमला मिर्च

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले सभी सामग्रियों को अलग-अलग बर्तन में निकाल कर रख लें।
  • अब गैस पर पैन चढ़ाकर उसे थोड़ा गर्म होने दें।
  • अब पैन में आधा चम्मच मक्खन डालें और उसे गर्म होने दें।
  • मक्खन के गर्म होने के बाद उसमें दो चम्मच मैदा डालें और अच्छे से भून लें।
  • मैदा भून जाने के बाद पैन में दूध डालें और अच्छे से मिलाएं।
  • जब मैदे और दूध का मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो उसमें अजवायन, मिर्च, नमक और चीनी मिलाएं।
  • साथ ही गैस के दूसरे बर्नर पर एक अलग पैन में सभी सब्जियों और कॉर्न को आधा चम्मच मक्खन के साथ अच्छे से भून लें।
  • सब्जी अच्छे से भूनने के बाद दूध और मैदे से तैयार सफेद सॉस में सभी भूनी हुई सब्जियां और पास्ता डालें।
  • अब इन सभी सामग्रियों को दो से तीन मिनट तक पकाएं।
  • अब टेस्टी वेजी अल्फ्रेडो पास्ता सर्व करने के लिए तैयार है।

2. मेक्सिकन पास्ता

Mexican Pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  1. सालसा सॉस के लिए सामग्री :
  • दो चम्मच सरसों का तेल
  • एक चौथाई कप कटा हुआ प्याज
  • एक चौथाई कप कटी हुई शिमला मिर्च
  • एक कप कटा हुआ टमाटर
  • एक चम्मच पिसी मिर्च
  • नमक (स्वादानुसार)
  1. पास्ता बनाने के लिए सामग्री :
  • एक चम्मच सरसों का तेल
  • एक चौथाई कप कटा हुआ प्याज
  • एक चौथाई कप कटी हुई शिमला मिर्च
  • एक चम्मच जीरा पाउडर
  • एक चम्मच लाल मिर्च
  • दो कप उबला हुआ पास्ता
  • डेढ़ कप सफेद सॉस
  • दो चम्मच बारीक कटे हुए धनिया के पत्ते
  • नमक (स्वादानुसार)
  • आधा कप प्रोसेस्ड चीज़

बनाने का तरीका :

  1. सालसा सॉस बनाने का तरीका :
  • सबसे पहले गैस पर पैन चढ़ाएं और उसमें सरसों का तेल डालकर गर्म करें।
  • तेल गर्म होने के बाद इसमें कटे हुए प्याज को डालें और मध्यम आंच पर करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • अब इसमें कटी हुई शिमला मिर्च डालकर करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • शिमला मिर्च पक जाने के बाद अब इसमें टमाटर, मिर्च और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब इसे करीब एक मिनट तक पकाने के बाद गैस से उतार कर रख लें।
  • अब आपका सालसा सॉस तैयार है, जिसे पास्ता तैयार होने के बाद इस्तेमाल किया जाएगा।
  1. पास्ता बनाने का तरीका :
  • एक चम्मच तेल पैन में डालकर उसे गैस पर गर्म होने के लिए चढ़ा दें।
  • तेल गर्म होने के बाद प्याज को पैन में डालें और लाल होने तक मध्यम आंच पर पकाएं।
  • प्याज पक जाने के बाद पैन में आप शिमला मिर्च, जीरा पाउडर और मिर्च डालकर करीब दो मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं।
  • समय पूरा होने के बाद अब इसमें आप पास्ता, सफेद सॉस, धनिया, नमक और मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब तैयार हुई इस सामग्री को आप एक बेकिंग बाउल में निकालें, जिसे ओवन में रखा जा सके।
  • अब इसमें पहले से तैयार किए गए सालसा सॉस को डालें और अच्छे से मिलाएं।
  • अब इसके ऊपर से प्रोसेस्ड चीज़ को ऊपर से फैला कर डाल दें।
  • अब पास्ता से भरे इस बेकिंग बाउल को करीब 10 से 15 मिनट के लिए 200 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रख दें।
  • समय पूरा होने के बाद तैयार मेक्सिकन पास्ता को सर्व करने के लिए निकाल लें।

3. रेड सॉस पास्ता

Red Sauce Pasta
Image: Shutterstock

सामग्री

  • दो कटोरी उबला हुआ पास्ता
  • एक कप टोमेटो प्यूरी
  • एक साबुत लाल मिर्च
  • 2 से 3 लहसुन की कलियां
  • आधा चम्मच अजवायन पाउडर
  • दो चम्मच क्रीम चीज़
  • नमक (स्वादानुसार)
  • दो चम्मच सरसों का तेल
  • एक चम्मच मक्खन
  • दो चम्मच सिरका
  • दो से तीन बेसिल लीफ

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले लहसुन और मिर्च को पीसकर इसका पेस्ट बना लें।
  • अब पैन को गैस पर चढ़ाएं और तेल व मक्खन को एक साथ पैन में डालकर कर गर्म करें।
  • अब इसमें लहसुन और मिर्च के तैयार पेस्ट को डालकर करीब एक मिनट तक भून लें।
  • अब इसमें टोमेटो प्यूरी को डालकर फिर से एक मिनट तक भूनें।
  • अब पैन में पास्ता डालें और उस पर सिरका, अजवायन पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब तेज आंच पर इसे करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • समय पूरा होने पर गैस बंद कर दें।
  • अब तैयार पास्ता के ऊपर बेसिल लीफ से गार्निशिंग करें।
  • अब आपका रेड सॉस पास्ता सर्व करने के लिए तैयार है।

4. मैक्रोनी पास्ता

Macroni pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • 100 ग्राम उबली हुई मैक्रोनी
  • दो टमाटर (कटे हुए)
  • आधा कप बीन्स (उबले हुए)
  • एक प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • लहसुन की दो से तीन कलिया कटी हुईं
  • आधा चम्मच (छोटा) अजवायन पाउडर
  • एक चौथाई चम्मच पिसी मिर्च
  • नमक (स्वादानुसार)
  • एक चम्मच पास्ता सॉस
  • एक चम्मच सरसों का तेल

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में तेल लेकर गैस पर चढ़ा दें और उसे गर्म होने दें।
  • तेल हल्का गर्म हो जाने के बाद इसमें प्याज और लहसुन डालकर भून लें।
  • प्याज और लहसुन अच्छे से भून जाने के बाद बीन्स डालकर अच्छे से भून लें।
  • बीन्स अच्छे से भून जाने के बाद अब इसमें मैक्रोनी, नमक, मिर्च, टमाटर और अन्य सभी सामग्रियां डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
  • अब इसे करीब एक से दो मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
  • अब आपका मैक्रोनी पास्ता तैयार है।

5. क्रीमी एंड चीज़ पास्ता

Creamy and Cheese Pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप उबला हुआ पास्ता
  • एक कप दूध
  • एक शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
  • एक चौथाई कप मोजरेला चीज़ (कद्दूकस किया हुआ)
  • दो चम्मच मक्खन
  • एक चम्मच मैदा
  • दो छोटे चम्मच तेल
  • 5 या 6 कुटी हुई काली मिर्च
  • एक चौथाई छोटा चम्मच अजवायन पाउडर
  • नमक (स्वादानुसार)

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में मक्खन डालकर गैस पर चढ़ा दीजिए।
  • मक्खन गर्म होने के बाद इसमें आप कटी हुई शिमला मिर्च डालिए और तेज आंच पर भून लीजिए।
  • ध्यान रहे, शिमला मिर्च को आपको तब तक भूनना है, जब तक शिमला मिर्च कुरकुरी न हो जाए।
  • अब भूनी हुई शिमला मिर्च को अलग बर्तन में निकाल कर रख दें और बचा हुआ मक्खन पैन में डाल कर गैस पर चढ़ा दीजिए।
  • अब मक्खन गर्म होने के बाद इसमें मैदा डालकर धीमी आंच पर करीब एक मिनट तक भूनें।
  • जब मैदे के रंग में बदलाव नजर आने लगे, तो पैन में दूध डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब दूध में उबाल आने तक लगातार चलाते हुए इसे अच्छे से पकाएं।
  • जब दूध गाढ़ा होने लगे, तो इसमें चीज़, मिर्च और नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
  • अब इसमें भूनी हुई शिमला मिर्च और पास्ता डालकर भी अच्छे से मिला लें।
  • अंत में पास्ता में ऊपर से अजवायन पाउडर डालकर अच्छे से मिला दें।
  • अब आपका क्रीमी एंड चीज़ पास्ता बनकर तैयार है।

6. मैक एंड चीज़ पास्ता

Mac and cheese pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप घिसा हुआ प्रोसेस्ड चीज़
  • 300 ग्राम उबली हुई मैक्रोनी
  • 6 बड़े चम्मच मक्खन
  • दो बड़े चम्मच मैदा
  • दो कप दूध
  • नमक (स्वादानुसार)
  • सफेद मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
  • ताजे ब्रेड क्रम्ब दो बड़े चम्मच
  • एक चौथाई चम्मच कुटी हुई काली मिर्च

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में दो बड़े चम्मच मक्खन डालकर गैस पर गर्म होने के लिए चढ़ा दें।
  • अब मक्खन गर्म होने पर उसमें मैदा डालकर भून लें।
  • ध्यान रहे, मैदे को इतना ही भूने कि उसके रंग मे बदलाव न आए।
  • अब थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए मैदे को पकाते जाएं।
  • पूरा दूध पड़ जाने के बाद इसमें नमक, सफेद मिर्च और मक्खन मिलाएं।
  • दूध गाढ़ा होने पर इसमें मैक्रोनी डालें और अच्छे से मिलाते हुए करीब एक मिनट तक पका लें।
  • अब बेकिंग डिश में तैयार मैक्रोनी को निकाल लें और उसपर ऊपर से ब्रेड क्रम्ब, बचा हुआ मक्खन और काली मिर्च छिड़क दें।
  • अब बेकिंग डिश को ओवन में रखें और जब तक चीज़ गर्म होकर सुनहरा न हो जाए, तब तक इसे बेक होने दें।
  • चीज़ का रंग सुनहरा हो जाने पर मैक्रोनी को ओवन से निकाल लें।
  • अब मैक एंड चीज़ पास्ता सर्व किए जाने के लिए तैयार है।  

7. मशरूम मिंट पास्ता सलाद

Mushroom Mint Pasta Salad
Image: IStock

सामग्री :

  • दो कप उबले हुए सी-सेल्स पास्ता
  • एक कप मशरूम (कटे हुए)
  • 10 ताजी पुदीना की पत्तियां
  • चार सामान्य आकर के प्याज (बारीक कटे हुए)
  • दो चम्मच जैतून का तेल
  • एक कप क्रीम
  • डेढ़ चम्मच चीनी
  • नमक (स्वादानुसार)
  • दो से तीन दाने काली मिर्च (कुटी हुई)

बनाने का तरीका :

  • पैन में जैतून का तेल लेकर गैस पर गर्म होने के लिए चढ़ा दें।
  • तेल गर्म होने के बाद इसमें प्याज और मशरूम डालकर मध्यम आंच पर पकाएं।
  • जब प्याज और मशरूम भूरे रंग का दिखने लगे, तो पैन में क्रीम डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब पुदीने की पत्तियां इसमें डालकर चलाते हुए करीब पांच मिनट तक पकाएं।
  • समय पूरा होने के बाद इसमें पास्ता डालें और साथ ही नमक, मिर्च और चीनी डालें।
  • अब सभी को अच्छी तरह से मिलाते हुए करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • अब इसे खाने के लिए परोस लें।

8. कजून चिकन पास्ता

Cajun Chicken Pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • दो बोनलेस चिकन ब्रेस्ट पीस (छोटे कटे हुए टुकड़ों में)
  • दो कप उबला हुआ पास्ता
  • दो चम्मच मक्खन
  • डेढ़ कप हैवी क्रीम
  • एक चौथाई चम्मच सूखी तुलसी की पत्तियां (कुटी हुई)
  • एक चौथाई चम्मच लेमन पेपर सीजनिंग
  • दो चम्मच कजून सीजनिंग
  • डेढ़ शिमला मिर्च (बारीक कटा हुआ)
  • चार मशरूम (कटे हुए)
  • एक प्याज (बारीक कटा हुआ)
  • एक चुटकी काली मिर्च पाउडर
  • एक चुटकी लहसुन पाउडर
  • दो चम्मच पारमेसान चीज़ (कसा हुआ)

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले एक कटोरे में चिकन के पीस लेकर उन पर कजून सीजनिंग डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब एक पैन में मक्खन लेकर चिकन पीस को मध्यम आंच पर अच्छे से भूने।
  • जब चिकन पीस गुलाबी रंग में दिखने लगें, तो उसमें शिमला मिर्च, मशरूम और प्याज डालकर करीब तीन मिनट तक पकाएं।
  • जब चिकन पीस हल्के मुलायम हो जाएं, तो पैन में क्रीम, लहसुन, नमक, मिर्च और सभी मसाले डालकर करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • अब तैयार हुए इस मिक्सचर में पास्ता डालें और अच्छे से मिलाएं।
  • अब करीब एक मिनट तक पकाने के बाद इसे किसी बर्तन में निकाल लें।
  • अब पारमेसान चीज़ को ऊपर से डालकर तैयार पास्ता को सजाएं और सर्व करें।

9. चंकी टोमेटो पास्ता

Chunky Tomato Pasta
Image: IStock

सामग्री :

  • डेढ़ कप उबले और छिलका उतरे हुए टमाटर
  • एक कप उबले हुए पास्ता
  • दो चम्मच जैतून का तेल
  • दो चम्मच बारीक कटा हुआ लहसुन
  • एक कप उबली हुई ब्रोकली के टुकड़े
  • एक चौथाई कप ताजा तुलसी पत्ती के टुकड़े
  • एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • नमक (स्वादानुसार)

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में तेल लेकर गर्म करें।
  • तेल गर्म होने के बाद पैन में लहसुन के टुकड़े डालें और मध्यम आंच पर भून लें।
  • करीब 30 सेकंड भूनने के बाद इसमें ब्रोकली के टुकड़े डालें और करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • अब टमाटर, मिर्च, तुलसी और नमक पैन में डालकर अच्छे से मिलाएं और करीब तीन मिनट तक पकाएं।
  • अब पैन में पास्ता डालें और अच्छे से मिलाते हुए करीब दो मिनट तक पकाएं।
  • समय पूरा होने के बाद इसे किसी बर्तन में अलग करके सर्व करें।

10. पास्ता चीज़ बॉल्स

Pasta Cheese Balls
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप बारीक कटे हुए उबले पास्ता के टुकड़े
  • आधा कप प्रोसेस्ड चीज़
  • दो चम्मच मक्खन
  • पांच चम्मच मैदा
  • डेढ़ कप दूध
  • दो चम्मच धनिया के पत्ते कटे हुए
  • एक चम्मच बारीक कटी हुई अजमोद
  • दो चम्मच कटी हुई हरी मिर्च
  • नमक स्वादानुसार
  • आधा कप ब्रेड क्रम्ब
  • आधा कप मैदा (पास्ता बॉल्स बनाने के लिए)
  • तीन चौथाई कप पानी (पास्ता बॉल्स बनाने के लिए)

बनाने का तरीका :

  • पैन में मक्खन डालकर गैस पर चढ़ाएं और उसमें मैदा डालकर भून लें।
  • मैदा भूनने की यह प्रक्रिया करीब एक से दो मिनट तक जारी रखें।
  • मैदा अच्छे से भून जाने के बाद इसमें दूध मिलाएं और करीब 6 से 7 मिनट तक अच्छे से पकाएं।
  • जब यह मिक्सचर गाढ़ा होकर पेस्ट की तरह दिखने लगे, तो इसे किसी बर्तन में निकाल लें।
  • अब तैयार हुए इस पेस्ट में पास्ता, मक्खन, धनिया, अजमोद, हरी मिर्च और नमक अच्छे से मिलाएं।
  • अब इस पेस्ट को हाथों में लेकर इससे छोटे आकार की बॉल्स बना लें।
  • अब तैयार हुईं इन बॉल्स को अलग निकाले गए मैदे में लपेटें और बाद में इसपर ब्रेड क्रम्बस की परत चढ़ाएं।
  • अब एक कढ़ाही में तेल लेकर उसे गैस पर चढ़ाएं और तेल को गर्म करें।
  • तेल गर्म होने के बाद तैयार पास्ता बॉल्स को तेल में फ्राई करें।
  • जब यह बॉल्स गोल्डन ब्राउन दिखने लगें, तो इन्हें निकाल कर अलग बर्तन में रख लें।
  • अब पास्ता चीज़ बॉल्स तैयार है। आप इन्हें टोमेटो सॉस के साथ खाने के लिए सर्व कर सकते हैं।

11. बो-पास्ता विद करीड वेजिटेबल

Bo-pasta with curried vegetable
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • दो कप उबले हुए बो-पास्ता
  • 3 चौथाई कप कटी हुई शिमला मिर्च
  • 3 चौथाई कप उबले और कटे हुए बेबी कॉर्न
  • एक कप उबले और छिले हुए टमाटर
  • एक चम्मच मक्खन
  • दो चम्मच बारीक कटे हुए लहसुन
  • एक चौथाई कप टोमेटो प्यूरी
  • दो चम्मच टोमेटो सॉस
  • एक चम्मच करी पाउडर
  • आधा चम्मच पिसी मिर्च
  • दो चम्मच ताजी क्रीम
  • नमक स्वादानुसार

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में मक्खन लेकर गर्म करें।
  • मक्खन गर्म होने के बाद पैन में लहसुन डालें और कुछ सेकंड के लिए भूनें।
  • इसके बाद कटी हुई शिमला मिर्च और बेबी कॉर्न को पैन में डालकर करीब दो मिनट तक पकाएं।
  • समय पूरा होने पर आप पैन में टमाटर, टोमेटो प्यूरी, टोमेटो सॉस और मिर्च डालकर अच्छी तरह पकाएं।
  • करीब दो मिनट तक पकाने के बाद पैन में ताजा क्रीम और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब सभी चीजों को चलाते हुए करीब एक मिनट तक पकाएं।
  • अब पैन में उबले हुए पास्ता को डालें और करीब एक मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
  • अच्छी तरह पक जाने के बाद इसे किसी बर्तन में निकला कर अलग कर लें।
  • बो-पास्ता विद करीड वेजिटेबल अब सर्व किए जाने के लिए तैयार है।
  • इसे आप गार्लिक ब्रेड के साथ भी खाने के लिए सर्व कर सकते हैं।

12. पास्ता विद एवोकाडो

Pasta with avocado
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप उबले हुए होल व्हीट पास्ता
  • एक कप एवोकाडो
  • दो से तीन लहसुन की कलियां
  • दो चुटकी काली मिर्च
  • नींबू का रस आवश्यकतानुसार
  • दो चम्मच तेल
  • नमक स्वादानुसार

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में तेल डालकर गर्म कर लें।
  • अब गर्म तेल में लहसुन, काली मिर्च, एवोकाडो और नींबू के रस को डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
  • अब तैयार हुए पेस्ट को किसी बर्तन में अलग निकाल कर रख लें।
  • अब पैन में थोड़ा तेल लेकर फिर से गर्म करें।
  • अब पैन में उबले हुए पास्ता डालकर करीब एक मिनट तक भून लें।
  • पास्ता अच्छी तरह भून जाने के बाद इसे किसी बर्तन में निकालें।
  • अब भूने हुए पास्ता को पहले से तैयार किए गए एवोकाडो पेस्ट के साथ सर्व करें।

13. टोमेटो पास्ता विद मोजरेला एंड बेसिल

Tomato pasta with mozzarella and basil
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप उबला हुआ पास्ता
  • आधा कप कसा हुआ मोजरेला चीज़
  • दो टमाटर कटे हुए
  • एक गाजर (बारीक कटी हुई)
  • एक आलू (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
  • लहसुन की एक कली बारीक कटी हुई
  • एक चम्मच सरसों का तेल
  • एक चुटकी कुटी हुई सूखी तुलसी की पत्ती
  • एक चुटकी काली मिर्च पाउडर

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में तेल लेकर गैस पर चढ़ा दें।
  • तेल गर्म होने के बाद अब पैन में गाजर, लहसुन और आलू डालकर अच्छे से भून लें।
  • अच्छी तरह से भून जाने के बाद अब पैन में टमाटर, काली मिर्च और तुलसी को थोड़ा पानी डालकर मिलाएं।
  • अब करीब दो मिनट के लिए इसे पकने के लिए छोड़ दें और धीरे-धीरे चलाते रहें।
  • पानी में उबाल आ जाने के बाद पैन में पास्ता और चीज़ डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब इसे दो से तीन मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
  • जब पैन में डाला हुआ पानी सूख जाए और सभी सामग्रियां अच्छी तरह से पक जाएं, तो इसे अलग बर्तन में निकाल लें।
  • अब पास्ता सर्व किए जाने के लिए तैयार है।

14. चीज़ी कैरेट पास्ता

Cheese Carat Pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक कप उबला हुआ पास्ता
  • आधा कप गाजर प्यूरी
  • कसा हुआ चीज़

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में गाजर की प्यूरी को डालें और गैस पर चढ़ा दें।
  • अब करीब एक मिनट तक गाजर की प्यूरी को अच्छे से भून लें।
  • प्यूरी अच्छे से भून जाने के बाद इसमें पास्ता डालें और अच्छे से मिलाएं।
  • अब तैयार पास्ता को किसी बर्तन में निकाल कर अलग कर लें।
  • अब कसे हुए चीज़ से पास्ता को सजाएं और सर्व करें।

15. एग पास्ता

Egg pasta
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • 200 ग्राम उबला हुआ पास्ता
  • तीन चम्मच जैतून का तेल
  • दो चम्मच लहसुन का पेस्ट
  • डेढ़ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • नमक आवश्यकतानुसार
  • 3 से 4 अंडे
  • एक चौथाई चम्मच धनिया के पत्ते (बारीक कटे हुए)

बनाने का तरीका :

  • सबसे पहले पैन में तेल डालकर गैस पर गर्म होने के लिए चढ़ा दें।
  • लहसुन पेस्ट को तेल में डालकर अच्छे से भून लें।
  • जब लहसुन के पेस्ट का रंग बदल जाए, तो इसमें मिर्च मिलकर करीब एक मिनट तक भूने।
  • इसके बाद पैन में थोड़ा पानी डालकर इसमें नमक मिलाएं।
  • इसके बाद इसे चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक पैन में तैयार हो रहा मिक्सचर गाढ़ा न हो जाए।
  • अब इसमें अंडे फोड़ कर डाल दें।
  • अब इसे अंडे पकने तक अच्छे तरह चलाते हुए पकाएं।
  • अब अंडों को चखें और जरूरत लगे, तो आवश्यकतानुसार नमक मिलाएं।
  • अब गैस को बंद करके पास्ता को किसी बर्तन में निकाल लें।
  • अब इस पर धनिया को ऊपर से छिडकें और सर्व करें।
  • चाहें तो इसे सजाने के लिए ऊपर से दो उबले अंडों को काट कर रख सकते हैं।

बच्चों को टेस्ट के साथ हेल्दी और पौष्टिक पास्ता खिलाना उतना भी मुश्किल नहीं है। बस जरूरत है, तो थोड़ी-सी सूझबूझ की। फिर देर किस बात की, लेख में बताई गईं सभी पास्ता रेसिपी पर हाथ आजमाएं और अपने बच्चे को हेल्दी आहार खिलाएं। हमें उम्मीद है कि यहां बताई गईं सभी पास्ता रेसिपी बच्चों को जरूर पसंद आएंगी।

संदर्भ (Reference) :

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown

Community Experiences

Join the conversation and become a part of our vibrant community! Share your stories, experiences, and insights to connect with like-minded individuals. Let our readers get your unique perspectives and do better together! Read our Comment Policy to know about the guidelines.