Written by

बच्चों के बेहतर विकास के लिए उन्हें उचित मात्रा में पोषक तत्व मिलना जरूरी है। पोषक तत्वों की पूर्ति करने के लिए बच्चों को कई तरह के खाद्य पदार्थ दिए जाते हैं। इन खाद्य पदार्थों में एवोकाडो को भी शामिल किया जा सकता है। अब आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि छोटे बच्चों के लिए एवोकाडो सुरक्षित है या नहीं। आपके ऐसे ही सवालों के जवाब मॉमजंक्शन लेकर आया है। इस लेख में बच्चों के लिए एवोकाडो के फायदे, नुकसान और इसकी कुछ रेसिपी बताई गई है।

शुरुआत में जानते हैं कि बच्चों को एवोकाडो दे सकते हैं या नहीं।

क्या मैं अपने बच्चे को एवोकाडो दे सकती हूं?

जी हां, बच्चों को एवोकाडो दे सकते हैं। एनसीबीआई (नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन) द्वारा प्रकाशित एक रिसर्च में भी इस बात की पुष्टि की गई है। शोध के अनुसार, एवोकाडो में फाइबर, फोलेट, विटामिन ई, ल्यूटिन और कई अन्य पोषक होते हैं, जिन्हें बच्चों के लिए जरूरी माना जाता है। इन सभी पोषक तत्वों की वजह से इसे पूरक आहार यानी कॉम्प्लिमेंटरी फूड के तौर पर बच्चों को दे सकते हैं (1)। इससे उन्हें कई तरह के स्वास्थ्य लाभ होते हैं, जिनके बारे में हम आगे बता रहे हैं।

अब जानिए कि बच्चों को एवोकाडो कब देना शुरू करना चाहिए।

बच्चों को एवोकाडो कब देना शुरू करें?

एक वैज्ञानिक अध्ययन की मानें, तो बच्चों को छह महीने के बाद कॉम्प्लिमेंटरी आहार के रूप में फल, सब्जी व अन्य खाद्य पदार्थ दे सकते हैं। इन खाद्य पदार्थों में से एक एवोकाडो भी है। दरअसल, कम शुगर और पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण शिशुओं और बच्चों के लिए इसे अच्छा पूरक आहार माना जाता है (1)

अब हम एवोकाडो में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देंगे।

एवोकाडो की न्यूट्रिशन वैल्यू

एवोकाडो में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बच्चों के लिए जरूरी होते हैं। यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (यूएसडीए) की वेबसाइट पर प्रकाशित जानकारी के अनुसार, प्रति 100 ग्राम एवोकाडो के पोषक तत्व कुछ इस प्रकार हैं (2):

  • 100 ग्राम एवोकाडो में 73.23 ग्राम पानी और 160 kcal ऊर्जा होती है।
  • 2 ग्राम प्रोटीन, 14.66 फैट और 8.53 कार्बोहाइड्रेट होता है।
  • हर 100 ग्राम एवोकाडो में 6.7 ग्राम फाइबर और 0.66 ग्राम शुगर पाए जाते हैं।
  • प्रति 100 ग्राम एवोकाडो में कैल्शियम की 12 मिलीग्राम, आयरन की 0.55 मिग्रा, मैग्नीशियम की 29 मिग्रा और फास्फोरस की 52 मिग्रा मात्रा होती है।
  • एवोकाडो की 100 ग्राम मात्रा में 485 मिग्रा पोटेशियम, 7 मिग्रा सोडियम, 0.64 मिग्रा जिंक और 0.19 मिग्रा कॉपर होता है।
  • प्रति 100 ग्राम एवोकाडो में विटामिन सी की 10 मिग्रा, थियामिन की 0.067 मिग्रा, राइबोफ्लेविन की 0.13 मिग्रा और नियासिन की 1.738 मिग्रा मात्रा पाई जाती है।
  • इसमें 0.257 मिग्रा विटामिन बी6, फोलेट 81 माइक्रोग्राम, विटामिन ए 7 माइक्रोग्राम होता है।
  • एवोकाडो में 271 माइक्रोग्राम ल्यूटिन व जेक्सैंथिन, 2.07 मिलीग्राम विटामिन ई और 21 माइक्रोग्राम विटामिन के होता है।
  • प्रति 100 ग्राम एवोकाडो में 2.126 ग्राम फैटी एसिड टोटल सैचुरेटेड, 9.799 ग्राम फैटी एसिड टोटल मोनोअनसैचुरेटेड और 1.816 ग्राम फैटी एसिड टोटल पॉलीअनसेचुरेटेड होता है।

लेख के अगले भाग में बच्चों के लिए एवोकाडो के फायदे पढ़िए।

बच्चों के लिए एवोकाडो के फायदे | Benefits of Avocado for baby in Hindi

बच्चों के सेहत के लिए एवोकाडो के कई फायदे हो सकते हैं। इन फायदों के बारे में जानने के बाद आप भी बच्चों के आहार में एवोकाडो को शामिल करने की जरूर सोचेंगे। बच्चों पर इसके लाभ कुछ तरह से दिखाई दे सकते हैं।

1. सेंट्रल नर्वस सिस्टम और मस्तिष्क विकास

एक वैज्ञानिक शोध के अनुसार, बच्चों के तंत्रिका तंत्र और मस्तिष्क के बेहतर विकास के लिए मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड (MUFA) जैसे ओलिक एसिड की आवश्यकता होती है। एवोकाडो में मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो इस पोषक तत्व की पूर्ति कर मस्तिष्क विकास को बढ़ावा दे सकता है। साथ ही यह बच्चे के शारीरिक विकास में भी सहायक हो सकता है (1)

2. एनीमिया से बचाव

एवोकाडो बच्चों को एनीमिया के जोखिम से बचा सकता है। एक मेडिकल रिसर्च में दिया है कि विटामिन बी6 की कमी के कारण भी एनीमिया की समस्या होती है। इस पोषक तत्व की कुछ मात्रा एवोकाडो में होती है। साथ ही इसमें मौजूद विटामिन सी शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाकर हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ा सकता है (1)

यही नहीं, एनीमिया से बचाव के लिए फोलेट को भी जरूरी माना जाता है, जिसकी मात्रा एवोकाडो में अच्छी होती है। इसी आधार पर एवोकाडो को लाल रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने और एनीमिया से बचाव करने में फायदेमंद माना जाता है (1)

3. इम्युनिटी बढ़ाने के लिए

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी एवोकाडो मदद कर सकता है। दरअसल, एवोकाडो में विटामिन ए पाया जाता है, जो एंटी ऑक्सीडेंट का काम करता है। रिसर्च बताती है कि इसकी मदद से शरीर में इम्यून फंक्शन बेहतर हो सकता है (1)। ऐसे में बच्चों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए एवोकाडो को मददगार कहा जा सकता है।

4. पाचन क्रिया में सुधार

बच्चों के पाचन तंत्र को बेहतर करने में भी एवोकाडो के फायदे देखे जा सकते हैं। एक वैज्ञानिक शोध के अनुसार, एवोकाडो में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो खाद्य पदार्थ को पचाने का काम कर सकता है। इससे पाचन क्रिया से संबंधित कब्ज जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है (3)

5. आंखों के लिए

आंखों को स्वस्थ रखने में एवोकाडो महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस संबंध में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, एवोकाडो में आंखों के लिए जरूरी पोषक तत्व जैसे मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड (MUFA) और ल्यूटिन व जेक्सैंथिन होते हैं। साथ ही यह दूसरे फल और सब्जियों से मिलने वाले कैरोटीनॉयड के अवशोषण में सहायता करता है। इन सबकी मदद से आंखों से जुड़े रोगों से बचने और इन्हें स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिल सकती है (4)

6. मधुमेह से राहत

एवोकाडो के फायदे में बच्चों को मधुमेह की समस्या से बचाना भी शामिल है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर पब्लिश एक मेडिकल रिसर्च की मानें, तो एवोकाडो में मौजूद कार्बोहाइड्रेट और मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड लिपिड प्रोफाइल में सुधार कर सकते हैं। इससे ब्लड शुगर को संतुलन में लाया जा सकता है (5)

अब जानते हैं कि बच्चों को एवोकाडो से किस तरह के नुकसान हो सकते हैं।

शिशुओं के लिए एवोकाडो के जोखिम

एवोकाडो के फायदे अनेक हैं, पर कई बारी इससे बच्चों को कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। इसी वजह से हम आगे बच्चों को एवोकाडो से होने वाले नुकसान बता रहे हैं।

  • कई बार कुछ बच्चों को एवोकाडो के सेवन के बाद एलर्जी की समस्या हो जाती है। इससे कुछ बच्चों के मुंह में खुजली, जीभ में सूजन और गले में परेशानी हो सकती है (6)
  • कुछ लोगों को इसे खाने पर पेट में ऐंठन, सीने में जकड़न और दस्त जैसी समस्या भी हो सकती है (6)
  • एवोकाडो के साथ कुछ फल खाने से क्रॉस-सेंसिटिविटी होती है। ऐसे में एवोकाडो के साथ खरबूजे, आड़ू, टमाटर, आलू, केला और कीवी को खाने से बचना चाहिए। इन फलों के साथ एवोकाडो खाने से हल्के-फुल्की शारीरिक समस्या होने का खतरा रहता है (6)

अब हम बच्चों के लिए एवोकाडो का चयन और स्टोर करने का तरीका बता रहे हैं।

शिशुओं के लिए सही एवोकाडो कैसे चुनें और स्टोर करें

बच्चों के लिए सही एवोकाडो का चयन करना और उसे सुरक्षित रखने के लिए सही से स्टोर करना जरूरी है। इसी वजह से हम नीचे इसके चयन और स्टोर करने का तरीका बता रहे हैं।

चयन करने का तरीका :

  • हमेशा गहरे हरे रंग का एवोकाडो को चुनें।
  • इस फल में किसी तरह के दाग-धब्बे न लगे हों।
  • छूते हुए ज्यादा मुलायाम या क्षतिग्रस्त लगे, तो उसे न खरीदें।

स्टोर करने का तरीका :

  • एवोकाडो फल को फ्रिज में हफ्ते भर तक रखा जा सकता है।
  • अगर इसकी प्यूरी बना चुके हैं, तो एयर टाइट डब्बा में डालकर फ्रिज में रख सकते हैं।

आगे हम बच्चों को एवोकाडो देने से पहले ध्यान देने वाली बातों की जानकारी दे रहे हैं।

बच्चों को एवोकाडो खिलाने से पहले ध्यान रखने योग्य बातें

बच्चों को किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ देने से पहले उससे संबंधित कुछ बातों को जानना आवश्यक होता है। उसी प्रकार एवोकाडो देने से पहले इन बातों को ध्यान में जरूर रखें।

  • एवोकाडो की प्यूरी बनाते समय सुनिश्चित करें कि उसमें कोई टुकड़ा न बचे। ये बच्चे के गले में फंस सकते हैं।
  • एवोकाडो की रेसिपी में इसके बीज का उपयोग न करें।
  • इसे बच्चों को देने से पहले थोड़ा स्वयं चख लें कि स्वाद सही है या नहीं।
  • गर्मागर्म एवोकाडो की प्यूरी या सूप बच्चे को पिलाने से बचें। इसे पहले एक छोटी कटोरी में डालकर कुछ देर चम्मच से हिलाएं और फिर फूंक मारते हुए बच्चे को पिलाएं।

अब शिशुओं व बच्चों के लिए एवोकाडो की कुछ बेहतरीन रेसिपी पढ़िए।

शिशुओं और बच्चों के लिए 3 एवोकाडो रेसिपी

बच्चों के लिए एवोकाडो से कई रेसिपी बनाई जा सकती हैं, जिनमें से कुछ स्वस्थ और बेहेतरीन रेसिपी में ये शामिल हैं।

1. एवोकाडो मिल्क शेक

Avocado For Baby 1
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक मध्यम आकार का पका हुआ एवोकाडो
  • एक गिलास दूध

इसे बनाने की विधि :

  • सबसे पहले एवोकाडो को अच्छी तरह धोएं और इसे दो टुकड़ो में काटकर बीज व छिलके को निकाल लें।
  • अब एवोकाडो के साथ ही दूध को मिक्सर में डाल लें।
  • इसे थोड़ी देर तक ब्लेंड करें।
  • अच्छी तरह मुलायम होने तक पिसने के बाद गिलास में डालकर सर्व कर सकते हैं।

2. दही के साथ क्रीमी एवोकाडो

Avocado For Baby 2
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक माध्यम आकार का एवोकाडो
  • आधा कप दही

इसे बनाने की विधि :

  • इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्लेंडर के जार में एवोकाडो पल्प और दही डालें।
  • अब इसे अच्छी तरह ब्लेंड करें।
  • एवोकाडो का गूदा दही में पूरी तरह जब मिल जाए, तो उसे खोलकर देख लें।
  • पेस्ट बहुत ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा पानी डालकर दोबारा ब्लेंड कर दें।
  • अब इसे बाउल में निकालकर बच्चे को दे सकते हैं।

3. सेब और एवोकाडो प्यूरी

Avocado For Baby 3
Image: Shutterstock

सामग्री :

  • एक एवोकाडो
  • एक सेब
  • दो से तीन कप पानी

इसे बनाने की विधि :

  • सबसे पहले सेब को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • अब एक बर्तन में पानी और सेब डालकर मध्यम आंच पर करीब 20 मिनट तक पकाएं।
  • इसके बाद गैस बंद करके पानी और सेब को ठंडा होने दें।
  • अब एक ब्लेंडर में एवोकाडो का पल्प और सेब व पानी को साथ में डालें।
  • इसे कुछ मिनट तक बारीक पीस लें।
  • अब प्यूरी तैयार हो चुकी है। इसे बच्चे को सर्व कर सकते हैं।

बच्चों के लिए एवोकाडो एक स्वस्थ आहार साबित हो सकता है। इससे उनके स्वस्थ विकास में मदद मिलेगी और हर तरह की बीमारी से वो दूर रह पाएंगे। हां, अगर बच्चे को किसी तरह की जन्मजात समस्या है, तो एवोकाडो देने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। इससे बच्चों को एवोकाडो से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। एवोकाडो के अलावा शिशुओं और बच्चों को कौन-से फल व सब्जी खिला सकते हैं, जानने के लिए मॉमजंक्शन के अन्य लेख जरूर पढ़ें।

References

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown