Anirudh Gupta, Certified Yoga Instructor
Written by , (शिक्षा- एमए इन मास कम्युनिकेशन)

खूबसूरत और आकर्षक दिखना भला कौन नहीं चाहता। इसके लिए लोग कई तरह की क्रीम, ट्रीटमेंट और अन्य कई उपायों का सहारा लेते हैं। हालांकि, इन सबसे चेहरे पर चमक तो आती है, लेकिन ये चेहरे पर बढ़ते वजन के प्रभाव को कम नहीं कर सकते हैं। इस स्थिति में चेहरे के लिए व्यायाम काफी मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए आप ‘फेस योगा’ कर सकते हैं। योग जैसे आपके स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, वैसे ही आपके चेहरे के लिए भी लाभकारी है। आपके चेहरे को आकर्षक बनाने के लिए हम इस लेख में कुछ ‘फेस योगा’ के बारे में बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप चेहरे की चर्बी से छुटकारा पा सकते हैं। इस लेख में हम कुछ आसान ‘फेस योगा’ के बारे में जानते हैं।

इससे पहले कि आप ‘फेस योगा’ की मुद्राओं के बारे में जानें, आपके लिए यह जानना जरूरी है कि फेस योगा क्या है।

फेस योगा क्या है? – What is Face Yoga in hindi

बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर भी उसका असर दिखने लगता है, जिसे कम करने के लिए योग का सहारा लिया जा सकता है। फेस योगा करने से चेहरे में रक्त संचार बेहतर होता है और इससे आपके चेहरे की मांसपेशियां रिलैक्स होती है और उनमें कसाव भी आता है। साथ ही चेहरा खिला-खिला रहता है और त्वचा पर बढ़ती उम्र का असर भी कम हो सकता है।

आगे फेस योगा के फायदों के बारे में विस्तार से जानिए।

फेस योगा के फायदे – Benefits of Face Yoga in hindi

उम्र बढ़ने के साथ चेहरे पर झुर्रियां आना सामान्य है, लेकिन कई बार ज्यादा मेकअप या केमिकल युक्त क्रीम का उपयोग वक्त से पहले ही चेहरे पर एजिंग का कारण बन जाता है। इसके अलावा, बढ़ते वजन का असर भी चेहरे पर साफ दिखने लगता है, जिसके लिए लोग तरह-तरह के महंगे और दर्दनाक ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। ऐसे में फेस योगा एक आसान विकल्प के रूप में मददगार साबित हो सकता है (1) (2)। नीचे जानिए फेस योगा से होने वाले फायदों के बारे में –

  • फेस योगा चेहरे को जवां बनाता है और चेहरे पर निखार लाने का काम करता है।
  • इससे डबल ठुड्डी की समस्या कम हो सकती है और आपका चेहरा आकर्षक बन सकता है।
  • फेस योगा करने से आपकी त्वचा में कसावट आ सकती है।

लेख के आगे के भाग में जानिए चेहरे को खूबसूरत और आकर्षक बनाने के लिए कुछ आसान फेस योगा।

आकर्षक चेहरा पाने के लिए फेस योगा –Yoga for slimming face in hindi

नीचे हम चेहरे के लिए योग की जानकारी दे रहे हैं, जो आसान और असरदार हैं।

1. सिम्हा मुद्रा

कैसे करें?
  • सबसे पहले जमीन पर एक योग मैट या साफ चादर बिछाएं। आप इसे बेड पर बैठकर भी कर सकते हैं।
  • अब सुखासन में बैठ जाएं और हथेलियों को जमीन पर टिका लें। उंगलियां पैरों की तरफ होनी चाहिएं। इसके बाद दोनों घुटनों को या तो उंगलियाें के ऊपर रख दें या फिर उसके आसपास। ध्यान रहे कि इस अवस्था में आपकी कोहनियां बिल्कुल सीधी रहें।
  • इसके बाद अपने मुंह को अच्छे से खोलें और जीभ को बाहर नीचे की तरफ लाएं।
  • जीभ निकालते वक्त सिंह की तरह दहाड़ लगाएं, ताकि आपके चेहरे सकी मांसपेशियों पर दबाव पड़े।
  • यह फेस योग ठीक उसी तरह किया जाता है, जैसे शेर दहाड़ लगाते वक्त अपने मुंह को खोलता है।
  • आप इस फेस योगा को हर रोज सुबह के वक्त दो से चार बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
सिम्हा मुद्रा आपके चेहरे की सभी मांसपेशियों में कसावट लाता है और उसे टोन करता है। यह चेहरे के लिए सबसे अच्छे आसनों में से एक है।

2. जीभ बाधा योग

कैसे करें?
  • सबसे पहले जमीन पर योग मैट या साफ चादर बिछाएं।
  • अब आप पद्मासन या सुखासन की मुद्रा में बैठ जाएं और अपने दोनों हाथों को अपने घुटनों पर रखें।
  • इसके बाद आंखों को बंद करके अपने मुंह को खोलें और अपने जीभ को तालु पर सटाएं।
  • अपनी जीभ को आप जितने खिंचाव के साथ तालु पर चिपकाएंगे उसका उतना ही प्रभाव आपके चेहरे की मांसपेशियों पर पड़ेगा।
  • जीभ को तालु पर थोड़ी देर तक चिपकाकर रखें और फिर मूल अवस्था में आ जाएं।
  • फिर कुछ सेकंड का आराम दें और दो से तीन बार इस प्रक्रिया को दोहराएं।
  • इस योग को करते वक्त सामान्य तरीके से सांस लेते रहें।
  • यह फेस योगा आप रोजाना सुबह कर सकते हैं।

कैसे फायदेमंद है?
यह फेस योग आपके जबड़े को आकार देता है और आपके चेहरे की मांसपेशियों को टोन करने में मदद करता है।

3. जालंधर बंध (चिन लॉक)

कैसे करें?
  • सबसे पहले जमीन पर योग मैट या चादर बिछाकर पद्मासन या सुखासन की मुद्रा में बैठ जाएं और खुद को रिलैक्स करने के लिए गहरी सांस लेकर छोड़ दें।
  • इसके बाद अपने शरीर को सीधा रखें और हथेलियाें को घुटनों पर रखकर कोहनियों को सीधा रखें।
  • इसके बाद लंबी गहरी सांस लेकर कंधों को ऊपर की ओर उठाएं। फिर पीठ को सीधा रखते हुए शरीर को हल्का-सा आगे की ओर झुकाएं।
  • अब गर्दन को आगे की ओर करते हुए ठोड्डी को छाती पर टिकाकर बंध लगाएं।
  • कुछ सेकंड इसी अवस्था में सांस रोक कर रहें, फिर मूल अवस्था में धीरे-धीरे लौट आएं।
  • इस प्रक्रिया को दो से चार बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
जालंधर बांध आपके चेहरे को आकार देता है और आपके चेहरे व जबड़े की मांसपेशियों को टोन करता है। इस योगासन को नियमित रूप से करने से डबल चिन वाले लोगों को काफी लाभ हो सकता है।

4. फिश फेस

Fish face
Image: Shutterstock
कैसे करें?
  • पहले आप योग मैट या चादर पर पद्मासन की मुद्रा में बैठ जाएं।
  • फिर आंखों को बंद कर लें।
  • अब अपने गालों और होंठों को अंदर की ओर चूसें और मछली की तरह अपने मुंह को आकार दें।
  • कुछ सेकंड के लिए ऐसे करें और फिर मुस्कुराएं।
  • इस योग प्रक्रिया को दो से तीन बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
यह योग आपके चेहरे को टोन करता है और चेहरे की मांशपेशियों की कार्यप्रणाली में सुधार का काम करता है।

5. माउथवॉश तकनीक

Mouthwash technology
Image: Shutterstock
कैसे करें?
  • यह योग बहुत ही आसान है और आप कभी भी बैठे-बैठे इसे कर सकते हैं।
  • जैसे आप मुंह में पानी भरकर कुल्ला करते हैं, उसी तरह मुंह में हवा भर के गालों को हिलाएं।
  • जब आप थक जाएं, तो थोड़े देर का आराम करें और इस प्रक्रिया फिर से दो-तीन बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
माउथवॉश तकनीक आपके गालों को टोन करने के साथ-साथ चेहरे से अतिरिक्त फैट को हटाती है। साथ ही यह डबल चिन की समस्या पर भी प्रभावी असर दिखा सकती है।

6. चीक अपलिफ्ट

Cheek uplift
Image: Shutterstock
कैसे करें?
  • आराम से बैठें और जितना हो सके उतनी चौड़ी मुस्कान दें।
  • फिर अपने दोनों हाथों की तर्जनी उंगली को अपने गालों पर रखें।
  • अपनी उंगलियों की मदद से अपने गालों को अपनी आंखों की तरफ उठाएं।
  • कुछ सेकंड के लिए अपने गालों को आंखों की तरफ उठाएं रखें।
  • फिर छोड़ दें, थोड़ी देर आराम करें फिर चेहरे के लिए व्यायाम को दो से तीन बार दोहराएं।

कैसे लाभकारी है?
गाल अपलिफ्ट्स आपके चीकबोन्स के लिए एकदम सही व्यायाम है। यह आपके गाल पर जमे अतिरिक्त फैट को कम कर सकता है। साथ ही आपके चेहरे को टोन कर उसे जवां और आकर्षक दिखाने में मदद कर सकता है।

7. चिन लिफ्ट

Chin lift
Image: Shutterstock
कैसे करें?
  • इस फेस योगा को आप बैठकर या खड़े होकर दोनों अवस्थाओं में कर सकते हैं।
  • अब अपने सिर को ऊपर की ओर उठाएं और छत की तरफ देखें।
  • फिर अपने होठों को कस लें और उन्हें आगे बढ़ाएं जैसे कि छत को चूमने की कोशिश कर रहे हों।
  • कुछ सेकंड के लिए ऐसा करें फिर धीरे-धीरे अपनी मूल अवस्था मे आएं।
  • इस फेस योगा की प्रक्रिया को तीन से चार बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
चिन लिफ्ट योग से आपको डबल चिन से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही यह जबड़े और गर्दन की मांसपेशियों की कार्यप्रणाली में सुधार का काम भी करता है।

8. नेक रोल

कैसे करें?
  • आप पहले आराम से बैठ जाएं या खड़े हो जाएं।
  • अब अपनी रीढ़ की हड्डी और कंधे को सीधा रखें।
  • फिर अपने सिर को जितनी बार हो सके क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज घुमाएं।
  • ऐसा थोड़े-थोड़े अंतराल के बाद दो से चार बार करें।

कैसे फायदेमंद है?
गर्दन और सिर को घुमाकर किया जाने वाला यह योग डबल चीन से छुटकारा दिलाने में आपकी मदद कर सकता है। साथ ही यह ठुड्डी, जॉलाइन और गर्दन की मांसपेशियों को टोन करता है। इसके अलावा, यह आपकी गर्दन की त्वचा को कसता है और झुर्रियों को कम करने में मदद कर सकता है।

9. लिप पुल

कैसे करें?
  • इस योग को करने के लिए आप आराम से बैठ जाएं या आप इसे खड़े होकर भी कर सकते हैं।
  • अब अपने चेहरे को सीधा रखें।
  • अब अपने लोअर लिप यानी नीचे के होंठ को जितना हो सके बाहर निकालें, ताकि आपकी ठुड्डी पर खिंचाव पड़े।
  • कुछ देर तक इस मुद्रा में रहें, फिर अपनी मूल अवस्था में आ जाएं।
  • कुछ सेकंड के बाद इस फेस योगा की प्रक्रिया को दो से तीन बार करें।

कैसे फायदेमंद है?
लिप पुलिंग आपके चेहरे की मांसपेशियों को टोन करती है, जिससे चेहरा जवां और आकर्षक दिखता है। यह फेस योगा चीकबोन और जॉलाइन पर प्रभावी रूप से काम करता है।

10. जॉ रिलीज

कैसे करें?
  • सबसे पहले आप आराम से बैठ जाएं और फिर जितना हो सके अपने मुंह को खोलें और अपनी जीभ को नीचे के सामने वाले दांतों से सटाएं।
  • फिर इसी अवस्था में जबड़े को धीरे-धीरे ऐसे हिलाएं, जैसे आप कुछ चबा रहे हो।
  • इस योग प्रकिया को कुछ देर करें फिर धीरे-धीरे अपनी प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।
  • कुछ सेकंड के आराम के बाद इस फेस योगा को दो से तीन बार करें।

कैसे फायदेमंद है?
यह आपके होंठ, जबड़े और गाल के आसपास की मांसपेशियों पर प्रभावी रूप से काम करता है। इस योग से आपको आकर्षक चीकबोन और जॉलाइन मिलेगी। साथ ही डबल चीन की समस्या से छुटकारा भी मिल सकता है।

11. आई फोकस

कैसे करें?
  • जितना हो सके अपने आंखों को चौड़ा फैलाएं।
  • ध्यान रहे कि ऐसा करते वक्त आपकी आइब्रो सिकुड़े नहीं।
  • अब जितना हो सके किसी दूर की चीज पर ध्यान केंद्रित करें।
  • फिर धीरे-धीरे अपना ध्यान पास की चीजों पर लाएं।
  • ऐसा कुछ सेकंड तक करें और फिर कुछ सेकंड आराम करें।
  • उसके बाद फिर से दो-चार बार ऐसा करें।

कैसे फायदेमंद है?
यह फेस योग आपकी आइब्रो को बेहतर और आकर्षक बनाने में मदद कर सकता है।

12. ब्लोइंग एयर

Blowing air
Image: Shutterstock
कैसे करें?
  • अपनी रीढ़ को सीधा करके आराम से बैठ जाएं।
  • अब अपने मुंह में हवा भरें और सिर को ऊपर छत की तरफ देखकर धीरे-धीरे मुंह में भरी हवा को छोड़ें।
  • इस दौरान सामान्य रूप से सांस लेते रहें।
  • 10 सेकंड तक ऐसा करते रहें और फिर आराम करें।
  • इस योग प्रक्रिया को लगभग 10 बार दोहराएं।

कैसे फायदेमंद है?
चेहरे के लिए योगा की बात करें, तो यह फेस योगा आपके चेहरे और गर्दन की मांसपेशियों के लिए लाभकारी है। इससे डबल चिन की समस्या से आराम मिल सकता है और चेहरा आकर्षक दिखेगा।

ऊपर बताए गए फेस योगा आपके चेहरे को आकर्षक बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं। हालांकि, योग का असर होने में थोड़ा वक्त लगेगा, क्योंकि यह कोई जादू नहीं है। सही परिणाम के लिए आपको इन्हें धैर्य और सही डाइट के साथ नियमित रूप से करना होगा। भले ही चेहरे के लिए व्यायाम का असर होने में थोड़ा वक्त लगे, लेकिन ये प्राकृतिक, दर्द रहित और लंबे समय तक चलने वाला उपाय है। ऊपर बताए गए फेस योगा कहीं भी और कभी भी किए जा सकते हैं। अगर आपके पास वक्त नहीं है, तो ऑफिस में बैठे-बैठे या किचन में काम करते-करते कभी भी कर सकते हैं। सकारात्मक परिणाम देखने के लिए कम से कम कुछ महीनों तक इन आसान फेस योगा को जरूर करें। अगर आपके पास चेहरे की चर्बी कम करने की एक्सरसाइज के कुछ सुझाव हैं या ऊपर बताए गए फेस योगा से संबंधित कुछ सवाल हैं, तो उसे नीचे कमेंट बॉक्स में हमारे साथ जरूर शेयर करें।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या मैं दिन में एक से अधिक बार फेस योग कर सकती हूं?

एक से ज्यादा बार फेस योगा नुकसानदायक हो सकता है। फेस योगा को जरूरत से ज्यादा किया जाए, तो चेहरे की मांसपेशियों में दर्द और खिंचाव हो सकता है। हर रोज किसी एक निर्धारित वक्त में 10 से 15 मिनट करना पर्याप्त है। इससे न सिर्फ आपका चेहरा टोन होगा, बल्कि आपकी रंगत में भी निखार आएगा।

फेस योगा मेरी त्वचा को कैसे प्रभावित करता है?

फेस योग आपकी त्वचा को कई तरीकों से प्रभावित करता है। योग के दौरान चेहरे में होने वाले मूवमेंट से हाइपोडर्मिस, डर्मिस और एपिडर्मिस पर असर होता है। ये त्वचा की निचले, मध्य और ऊपरी परत हैं। अगर चेहरे के लिए व्यायाम सही तरीके से किया जाए, तो इससे रक्त के प्रवाह में सुधार होता है और चेहरे की कोशिकाओं को पोषण मिलता है। साथ ही उन्हें आवश्यक मात्रा में ऑक्सीजन भी मिलता है। नियमित रूप से चेहरे के योगासनों से आपके पोर्स में मौजूद टॉक्सिन्स निकल जाते हैं। ये आपकी चेहरे की त्वचा को नमी देते हैं और निखरा हुआ बनाते हैं। फेस योग आसान, सुरक्षित और असरकारक है।

फेस योगा के परिणाम देखने में कितना समय लगेगा?

अगर फेस योगा को नियमित रूप से 10 से 15 मिनट किया जाए, तो एक सप्ताह में प्रारंभिक परिणाम दिखाना शुरू हो सकते हैं। जब भी आप फेस योगा करेंगे, तो आपको चेहरे की मांसपेशियों में आराम महसूस होगा और कुछ ही हफ्तों में त्वचा में फर्क महसूस होने लगेगा। साथ ही आपको अपनी त्वचा स्वस्थ लगने लगेगी और सिर्फ चेहरा ही नहीं, बल्कि आपको अपनी गर्दन की त्वचा में भी सुधार दिखने लगेगा।

मेरी कॉस्मेटिक/प्लास्टिक सर्जरी हो चुकी है, क्या मैं फेस योगा कर सकती हूं?

हां, कॉस्मेटिक या प्लास्टिक सर्जरी के बाद भी फेस योगा किया जा सकता है। बेहतर होगा कि आप इस बारे में एक बार अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह लें, क्योंकि आपकी सर्जरी के अनुसार आपके लिए कौन-सा फेस योगा सही है, उसकी सलाह डॉक्टर ही सही तरीके से दे सकते हैं।

क्या फेस योगा करते वक्त किसी सावधानी की भी जरूरत होती है?

अगर योग को सही तरीके से किया जाए, तो यह पूरी तरह सुरक्षित है। योग में सबसे जरूरी है योग का सही तरीका और सांस लेने-छोड़ने की विधि। योग शुरू करने से पहले योग के जरूरी निर्देशों को जानें। इसके लिए आप वीडियो भी देख सकते हैं। अगर आप पहली योग कर रहे हैं, तो अच्छा होगा कि आप किसी योग विशेषज्ञ के अंतर्गत अभ्यास शुरू करें।

और पढ़े:

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
Anirudh Gupta
Anirudh GuptaCertified Yoga Instructor
Anirudh has 9 years of experience as a Certified Yoga Instructor – RYT 200 – Yoga Alliance from Yoga Vedanta Centre. His teaching style incorporates the therapeutic principles of healing into the asanas and leaves one refreshed and energized.

Read full bio of Anirudh Gupta