Dr. Suvina Attavar, MBBS, DVD
Written by , (एमए इन मास कम्युनिकेशन)

आजकल सेल्फी का जमाना है और सेल्फी बनाते वक्त पाउट न बनाएं, ऐसा हो नहीं सकता। पाउट में जो चीज सबसे साफ नजर आती है, वो हैं आपके होंठ। इसलिए, कहा भी जाता है कि लाल-गुलाबी होंठ आपकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं। वहीं, बदलते मौसम की मार सबसे ज्यादा होंठों पर पड़ती है। इस वजह से होंठ फटने लगते हैं और कई बार इनका रंग काला पड़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि आप चेहरे की ही तरह अपने होंठों का भी ध्यान रखें। इसके लिए होंठों को हाइड्रेट, एक्सफोलिएट और स्क्रब करने की जरूरत होती है। जब बात आती है लिप स्क्रब की, तो बाजार में कई तरह के लिप स्क्रब मौजूद हैं, लेकिन अक्सर इन्हें चुनना मुश्किल हो जाता है। आपकी इसी दुविधा को दूर करते हुए हम इस लेख के जरिए घर में ही होंठों के लिए स्क्रब बनाने की विधि बता रहे हैं। ये लिप स्क्रब आपके होंठों को नर्म, मुलायम और खूबसूरत बना देंगे।

शुरू करते हैं लेख

घरेलू लिप स्क्रब बनाना सीखने से पहले हम यह जान लेते हैं कि लिप स्क्रब क्या होता है?

लिप स्क्रब क्या है ?

अगर आपको यह लगता है कि बॉडी स्क्रब या फेशियल स्क्रब को लिप स्क्रब की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं, तो आप गलत सोच रहे हैं। लिप स्क्रब में दो घटक होते हैं – एक्सफोलिएशन यानी डेड स्किन हटाने का गुण और पोषक तत्व (nourishing agent)। एक्सफोलिएटर के लिए पोषक तत्व एक बेस का काम करता है, यह होंठों को मुलायम करता है, ताकि एक्सफोलिएटर को लगाना आसान हो सके। ये दोनों एक साथ काम करते हैं और आपके होंठों को नमी प्रदान करने के साथ-साथ मुलायम भी बनाते हैं।

अब समय है 18 घरेलू लिप स्क्रब बनाने की विधि जानने का। इनमें से कुछ तो इतने स्वादिष्ट हैं कि आपका उन्हें खाने का मन कर सकता है, लेकिन ऐसा करना नहीं है। अब देर किस बात की तैयार हो जाइए यह जानने के लिए कि घर में लिप स्क्रब कैसे बनाएं?

1. नारियल और शहद का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच नारियल तेल
  • एक चम्मच शहद या जैविक शहद
  • दो चम्मच भूरी चीनी
  • आधा चम्मच गुनगुना पानी

बनाने और लगाने की विधि :

  • नारियल तेल और शहद को मिलाएं।
  • अब इस मिश्रण में भूरी चीनी और गुनगुना पानी मिलाएं।
  • फिर इस मिश्रण को अपने होंठों पर दो से तीन मिनट के लिए सर्कुलर मोशन में लगाएं और गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

नारियल तेल में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट और फैटी एसिड मौजूद होते हैं, जो त्वचा को पोषण देते हैं। वहीं, भूरी चीनी प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है। यह त्वचा की मृत कोशिकाओं को और रूखी त्वचा को हटाती है, जबकि शहद होंठों को नमी प्रदान करता है।

2. मिंट लिप स्क्रब

सामग्री :

  • दो चम्मच जैतून या नारियल का तेल
  • दो चम्मच चीनी
  • 8 या 10 बूंद पूदीने का तेल
  • आधा चम्मच अंगूर के बीज का तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • आप जैतून या नारियल के तेल में चीनी मिलाएं।
  • फिर इसमें पूदीने के तेल को अच्छे से मिला लें।
  • अब इस मिश्रण में अंगूर के बीज का तेल मिलाएं।
  • इस स्क्रब को अपने होंठों पर कुछ मिनट के लिए सर्कुलर मोशन में लगाएं।
  • फिर गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

चीनी एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है, वहीं पूदीने का तेल होंठों में रक्त संचार को बढ़ाकर उन्हें आकर्षित बनाता है। यह आपके होंठों की त्वचा को नर्म और मुलायम बनाता है। वहीं, अंगूर के बीज का तेल हल्का होता है और इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होता है, जो होंठों को मॉइश्चराइज करता है।

स्क्रॉल करें

3. ब्राउन शुगर और शहद का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच कच्चा शहद
  • एक चम्मच ब्राउन शुगर
  • पांच से छह बूंद लैवेंडर का तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • ब्राउन शुगर को कच्चे शहद के साथ मिलाएं।
  • अब इस मिश्रण में कुछ बूंदें लैवेंडर के तेल की मिलाएं।
  • जब यह अच्छे से मिक्स हो जाए, तो इस स्क्रब को अपने होंठों पर दो से तीन मिनट के लिए सर्कुलर मोशन में लगाएं।
  • फिर गुनगुने पानी से धोकर होंठों पर लिप बाम लगाएं।

कैसे फायदेमंद है?

शहद आपके होंठों की रंगत को निखारता है। यह आपके होंठों को फटने से भी बचाएगा, वहीं लैवेंडर का तेल आपके होंठों को पोषण देगा और सनबर्न से भी बचाएगा।

4. चॉकलेट लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच कोको पाउडर
  • दो चम्मच ब्राउन शुगर
  • एक चम्मच वनीला एक्स्ट्रैक्ट
  • तीन चौथाई चम्मच शहद
  • दो चम्मच जैतून का तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • एक कटोरी में सभी सामग्रियों को मिलाएं।
  • अब इस स्क्रब को थोड़ा-सा अपने होंठों पर हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में लगाएं।
  • फिर इसे कुछ देर के लिए अपने होंठों पर लगा रहने दें।
  • उसके बाद इसे मुलायम भीगे कपड़े से पोंछ ले या गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

कोको आपके होंठों को मॉइश्चराइज करेगा और टैन को भी हटाएगा। वहीं, वनीला एक्स्ट्रैक्ट में एंटी-एजिंग और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण मौजूद हैं, जो मुक्त मूलकों (free radicals) से होने वाले नुकसान से त्वचा को बचाते हैं।

5. दालचीनी का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • आधा चम्मच दालचीनी पाउडर
  • आधा चम्मच शहद
  • आधा चम्मच जैतून का तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • एक कटोरी में सभी सामग्रियों को मिला लें।
  • सभी को अच्छे से मिलाएं।
  • अब इस स्क्रब को होंठों पर अपनी अंगुली से हल्का-हल्का रगड़ें, ताकि डेड स्किन सेल निकाल जाएं।
  • फिर इसे गुनगुने पानी से धोकर लिप बाम लगा लें।

कैसे फायदेमंद है?

अगर आपको अपने होंठों को मोटा और उभरा हुआ दिखाना है, तो यह लिप स्क्रब उपयोग कर सकते हैं। दालचीनी प्राकृतिक तरीके से आपके होंठों को मोटा और आकर्षित दिखा सकती है। इसके अलावा, दालचीनी एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर है और इसके इस्तेमाल से आपके होंठ उभरे हुए और मुलायम नजर आएंगे।

आगे और पढ़ें

6. संतरे के छिल्के का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • दो चम्मच संतरे के सूखे छिल्के का पाउडर (यह पाउडर आपको बाजार में भी आसानी से मिल जाएगा)
  • दो चम्मच ब्राउन शुगर
  • 10 से 12 बूंद बादाम का तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • संतरे के छिल्कों को धूप में सुखाकर, उसका अच्छे से पाउडर बना लें (आप चाहें तो यह पाउडर बाजार से भी खरीद सकते हैं)
  • अब एक कटोरे में इस पाउडर को रख लें, फिर इसमें ब्राउन शुगर और बादाम का तेल मिला लें।
  • फिर इसे 30 सेकंड तक अपने होंठों पर रगड़ें।
  • इसके बाद अपने होंठों को गुनगुने पानी से धो लें या पोंछ लें।
  • इसे हफ्ते में दो बार लगाएं।

कैसे फायदेमंद है?

संतरे का छिल्का होंठों के रंग को निखार सकता है। वहीं, बादाम तेल होंठों के रूखेपन को दूर करता है। साथ ही यह होंठों को नर्म व मुलायम करता है और पोषण भी देता है। यह होंठों को स्वस्थ रखता है।

[ पढ़े: संतरे के 17 फायदे, उपयोग और नुकसान ]

7. बबलगम लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच चीनी
  • आधा चम्मच एक्स्ट्रा वर्जिन जैतून का तेल ( extra virgin olive oil)
  • एक से दो बूंद स्ट्रॉबेरी एक्सट्रैक्ट

बनाने और लगाने की विधि :

  •  • एक कटोरी में जैतून का तेल और चीनी मिलाएं।
    • अब इस मिश्रण में स्ट्रॉबेरी एक्स्ट्रैक्ट मिलाएं।
    • इसके बाद इसे अपने होंठों पर लगाएं और थोड़ी देर रहने दें फिर पानी से धोकर होंठों पर लिप बाम लगा लें।

कैसे फायदेमंद है?

यह टेस्टी लिप स्क्रब आपके होंठों पर निखार ले आएगा। चीनी त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाकर नई त्वचा को बनने में मददगार साबित होती है। वहीं, जैतून का तेल त्वचा को मॉइश्चराइज और हाइड्रेट करता है। साथ ही उन्हें नर्म-मुलायम रखता है। इसके अलावा, खाने के रंग इस लिप स्क्रब को आकर्षक बनाने का काम करता है।

8. कीवी स्ट्रॉबेरी लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक स्ट्रॉबेरी की प्यूरी
  • आधा कीवी की प्यूरी
  • 6 चम्मच चीनी
  • दो चम्मच जैतून का तेल
  • दो बूंद विटामिन-ई (यह ऑप्शनल है)

बनाने और लगाने की विधि :

  • स्ट्रॉबेरी और कीवी की प्यूरी बना लें।
  • अब एक कटोरी में चीनी और जैतून को अच्छे से मिला लें।
  • फिर इस मिश्रण में स्ट्रॉबेरी और कीवी की प्यूरी मिलाकर अच्छे से मिश्रण तैयार कर लें।
  • आप चाहें तो ज्यादा पोषण के लिए विटामिन-ई भी मिला सकते हैं।
  • 30 से 40 सेकंड के लिए आप इसे अपने होंठों पर सर्कुलर मोशन में लगाएं।
  • फिर गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

यह स्क्रब आपके होंठों को नर्म और मुलायम बनाएगा। कीवी रूखे और फटे होंठों को कोमल और मुलायम बनाएगा। वहीं, स्ट्रॉबेरी में महत्वपूर्ण विटामिन्स और मिनरल्स होते हैं, जो आपके होंठों की रंगत को निखारते हैं।

पढ़ते रहें लेख

9. कॉफी और शहद का स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच कॉफी पाउडर या कॉफी ग्राउंड
  • एक चम्मच शहद

बनाने की विधि :

  • एक कटोरी में कॉफी और शहद को डालकर अच्छे से मिलाएं।
  • अब इस मिश्रण से अपने होंठों पर अच्छे से सर्कुलर मोशन में एक मिनट तक मसाज करें।
  • इस मास्क को करीब एक मिनट तक होंठों पर लगा रहने दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

कॉफी न सिर्फ आपकी नींद को भगाती है, बल्कि आपकी त्वचा को निखारती भी है। कॉफी और शहद का यह मिश्रण आपके होंठों को अच्छे से एक्सफोलिएट और मॉइश्चराइज करेगा

10. बादाम का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • दो चम्मच हल्की भूरी चीनी
  • एक चम्मच शहद
  • एक चम्मच बादाम तेल

बनाने और लगाने की विधि :

  • चीनी, शहद और बादाम तेल को मिला लें।
  • इन्हें तब तक मिलाएं, जब तक यह अच्छे से घुल न जाए।
  • अब इस पेस्ट को थोड़ा-सा लेकर हल्के-हल्के हाथों से अपने होंठों पर लगाएं।
  • फिर हल्का-सा इसे हटाएं, ताकि थोड़ी चीनी निकल जाए और थोड़े देर ऐसे रहने दें, ताकि बादाम तेल से आपके होंठ हाइड्रेट हो जाएं।

कैसे फायदेमंद है?

बादाम तेल आपके होंठों को फटने से बचाएगा और नमी देगा। आप अपने होंठों को खूबसूरत, मुलायम और स्वस्थ रखने के लिए इस स्क्रब को नियमित तौर पर लगा सकते हैं।

11. गुलाब और दूध का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • गुलाब की कुछ पंखुड़ियां
  • दूध

बनाने की विधि :

  • गुलाब की पखुड़ियों को दूध के साथ अच्छे से मसलकर पेस्ट जैसा बना लें।
  • अब इस पेस्ट को थोड़ी देर तक अपने होंठों पर रगड़ें।
  • फिर गुनगुने पानी से धोकर लिप बाम लगा लें।

कैसे फायदेमंद है?

गुलाब की पंखुड़ियां और दूध आपकी होंठों के रंगत को प्राकृतिक तरीके से निखारते हैं। वहीं, गुलाब में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण आपके होंठों की त्वचा को किसी भी तरह के संक्रमण से बचाता है।

12. नींबू का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच नींबू का रस
  • एक चम्मच वैसलीन पेट्रोलियम जेली
  • दो चम्मच चीनी

बनाने की विधि :

  • एक कटोरी में चीनी और वैसलीन को अच्छे से मिलाएं।
  • अब इस मिश्रण में नींबू का रस मिलाएं।
  • फिर इस मिश्रण से अपने होंठों पर थोड़ी देर के लिए हल्के-हल्के हाथों से मालिश करें।
  • इसके थोड़ी देर बाद वेट वाइप (यह बाजार में आसानी से उपलब्ध है) से पोंछ लें या गुनगुने पानी से धो लें।
  • इससे आपके होंठों पर निखार आने के साथ-साथ आपके होंठ मुलायम भी बनेंगे।

कैसे फायदेमंद है?

नींबू का रस प्राकृतिक तौर पर ब्लीच का काम करता है। यह स्क्रब आपकी त्वचा की मृत कोशिकाओं को निकालकर नई त्वचा को बनने में मदद करता है।

13. वनिला नारियल लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच नारियल तेल
  • दो चम्मच चीनी
  • एक चौथाई चम्मच वनिला एक्सट्रैक्ट

बनाने की विधि :

  • एक कटोरी में चीनी, नारियल तेल और वनिला एक्सट्रैक्ट मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर लें।
  • फिर इस मिश्रण से लगभग एक मिनट तक अपने होंठों पर मालिश करें।
  • इसके थोड़ी देर बाद गुनगुने पानी से होंठों को धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

नारियल तेल होंठों को फटने से बचाता है और उन्हें मॉइश्चराइज कर नर्म व मुलायम बनाता है। चीनी होंठों की रूखी व मृत त्वचा को हटाती है। वहीं, वनिला एक्सट्रैक्ट होंठों की त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से क्षति पहुंचने से बचाता है।

14. विटामिन-ई का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच शहद
  • एक चम्मच जैतून या नारियल का तेल
  • एक चम्मच विटामिन-ई (यह आपको डॉक्टर या किसी मेडिकल दुकान से मिल जाएगा)
  • एक चम्मच भूरी चीनी

बनाने और लगाने की विधि :

  • सभी सामग्रियों को एक कटोरी में डालकर अच्छे से तब तक मिलाएं, जब तक उसका अच्छे से मिश्रण तैयार न हो जाए।
  • अब इस स्क्रब को अपने होंठों पर सर्कुलर मोशन में लगाएं।
  • उसके बाद आप इसे गुनगुने पानी से धो लें।
  • होंठों को ज्यादा देर तक मॉइश्चराइज़ और मुलायम रखने से लिए लिप बाम लगा लें।

कैसे फायदेमंद है?

विटामिन-ई में एंटीऑक्सीडेंट होता है और यह एक प्राकृतिक कंडीशनर की तरह काम करता है। यह सूखे और फटे होंठों की समस्या को दूर करता है।

जारी रखें पढ़ना।

15. मिंट, कोको और कॉफी का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • दो चम्मच चीनी
  • आधा चम्मच कोको पाउडर (यह बाजार या ऑनलाइन में आपको आसानी से मिल जाएगा)
  • आधा चम्मच कॉफी पाउडर
  • एक चम्मच अंगूर के बीज या एवोकाडो का तेल
  • तीन बूंद पेपरमिंट तेल (यह भी आपको बाजार में या ऑनलाइन मिल जाएगा)

बनाने और लगाने की विधि :

  • एक कटोरी में चीनी, कोको और कॉफी को मिला लें।
  • अब इसमें अंगूर के बीज या एवोकाडो का तेल और पेपरमिंट का तेल मिलाकर थोड़ा गाढ़ा मिश्रण तैयार कर लें।
  • फिर इस मिश्रण को अपने होंठों पर लगाकर लगभग एक मिनट तक स्क्रब करें।
  • उसके बाद गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

इस स्क्रब में कोको, कॉफी और चीनी के गुण मौजूद हैं। यह प्राकृतिक एक्सफोलिएटर है, जो आसानी से आपके होंठों की मृत त्वचा को निकालकर, आपके होंठों को गहराई से पोषण प्रदान करेगा। वहीं, अंगूर के बीज का तेल होंठों को नमी देगा और मॉइश्चराइज करेगा। ड्राई लिप्स वाले इस स्कॅब को एवॉइड करें।

16. एस्पिरिन लिप स्क्रब

सामग्री :

  • चार एस्पिरिन की गोली (बिना कोटिंग के)
  • दो चम्मच भूरी चीनी
  • दो चम्मच शहद
  • एक चम्मच जैतून का तेल
  • विटामिन-ई का एक कैप्सूल

बनाने की विधि :

  • एक कटोरी में थोड़ा पानी लेकर उसमें एस्पिरिन की गोलियां डाल दें, ताकि ये उसमें घुल जाएं।
  • अब इसमें बाकी बची सामग्रियों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। अगर आपको यह थोड़ा सूखा लगे, तो इसमें थोड़ा और तेल मिला लें।
  • अब इस स्क्रब को अंगुलियों से या टूथब्रश से अपने होंठों पर लगाएं।
  • फिर गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

एस्पिरिन सैलिसिलिक एसिड का एसिटिल यौगिक होता है। जब आप इसे चीनी के साथ मिलाते हैं, तो यह अच्छे से एक्सफोलिएट की प्रक्रिया को करता है। वहीं, शहद और जैतून का तेल होंठों को फटने से बचाता है और होंठों को मॉइश्चराइज करता है।

17. समुद्री नमक और चीनी का लिप स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच समुद्री नमक (sea salt)
  • दो चम्मच नारियल तेल
  • एक या दो बूंद लैवेंडर एसेंशियल ऑइल (यह ऑप्शनल है)

बनाने की विधि :

  • सभी सामग्रियों को अच्छे से मिलाकर एक मिश्रण तैयार कर लें।
  • अब इस स्क्रब को धीरे-धीरे से सर्कुलर मोशन में अपने होंठों पर रगड़ें।
  • इस मिश्रण से एक मिनट तक होंठों को स्क्रब करें।
  • फिर इसे गुनगुने पानी से धो लें।

कैसे फायदेमंद है?

समुद्री नमक एक्सफोलिएटर की तरह काम करता है। वहीं, नारियल तेल एक मॉइश्चराइजर की तरह काम करता है। इस स्क्रब से आपके होंठ मुलायम हो जाएंगे

18. शिया बटर और चीनी का स्क्रब

सामग्री :

  • एक चम्मच चीनी
  • एक चम्मच शिया बटर

बनाने और लगाने की विधि :

  • शिया बटर और चीनी को मिलाकर आप अपने हिसाब से थोड़ा-सा पेस्ट बना लें।
  • अब इसे अपने होंठों पर लगाकर एक मिनट तक स्क्रब करें।
  • फिर गुनगुने पानी से धोकर लिप बाम लगा लें।

कैसे फायदेमंद है?

शिया बटर में विटामिन-ए और ई मौजूद हैं, जो होंठों को रूखे होने व फटने से बचाते हैं। वहीं चीनी प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है और शिया बटर के साथ मिलकर इसके गुण और बढ़ जाते हैं।

नोट: अगर आपको यहां बताई गई किसी भी सामग्री से एलर्जी होती है, तो आप इसका इस्तेमाल करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह कर लें या एक बार इसका पैच टेस्ट कर लें।

घरेलू लिप स्क्रब को कैसे स्टोर करके रखें?

घर पर लिप स्क्रब कैसे बनाएं? यह तो आप जान ही गए होंगे, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि इसे हम कैसे और कब तक स्टोर कर सकते हैं। हालांकि, इन लिप स्क्रब को एक हफ्ते तक स्टोर किया जा सकता है, लेकिन अगर इसे कम मात्रा में ही बनाया जाए, तो ज्यादा बेहतर होगा। फिर भी अगर आप स्टोर करके रखना चाहते हैं, तो आप इसे अपने पुराने लिप बाम डिब्बे में रख सकते हैं। इसके लिए पुराने लिप बाम के डिब्बे को साफ करने के लिए थोड़े देर गर्म पानी में रख दें, ताकि उसमें मौजूद अनदेखे कीटाणु नष्ट हो जाएं। फिर लिप बाम के डिब्बे को साफ करके और उसके पानी को सुखाकर, उसमें अपना लिप स्क्रब डालकर फ्रिज में रख दें। यह एक हफ्ते तक खराब नहीं होगा।

घर में ही आसानी से लिप स्क्रब बनाने की विधि जानने के बाद, अब आपको बाजार से महंगे लिप स्क्रब खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में ही तैयार किए गए होंठों के लिए स्क्रब न सिर्फ प्राकृतिक हैं, बल्कि बजट में भी हैं। उम्मीद करते हैं घरेलू लिप स्क्रब पर लिखे इस लेख में बताई गई सभी जानकारियां आपके काम आएगी। स्किन केयर से जुड़ी ऐसी अन्य जानकारियां प्राप्त करने के लिए आप हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित दूसरे लेख को भी पढ़ सकते हैं।

और पढ़े:

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown

Community Experiences

Join the conversation and become a part of our vibrant community! Share your stories, experiences, and insights to connect with like-minded individuals.

Dr. Suvina Attavar
Dr. Suvina Attavar - I have a thirst for learning and a passion for Dermatology, Cosmetology and hair transplantation. I am well versed with lasers, chemical peels, and other minor dermatologic procedures. I have been doing hair transplants since 2018.

Read full bio of Dr. Suvina Attavar
Kavita Singh
Kavita Singhब्यूटी एंड लाइफस्टाइल राइटर
.

Read full bio of Kavita Singh